विराट अपने अहंकार को जेब में रखकर जो उपदेश देते हैं वही करें, तभी बनेगा रन- पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने दी सलाह

नई दिल्ली। विराट कोहली अब जब भी मैदान पर बल्ला लेकर उतरते हैं तो उनसे बड़ी पारी की उम्मीद बढ़ जाती है, लेकिन उन्होंने अपने प्रदर्शन से अब तक सबको निराश कर रखा है। अब उनकी फार्म में कैसे वापसी होगी इसे लेकर टीम इंडिया के पूर्व स्पिनर मनिंदर सिंह ने उन्हें सलाह दी और कहा कि, वो अपने अहंकार को जेब में रखकर जो उपदेश देते हैं वही करें। हेडिंग्ले टेस्ट मैच से पहले विराट कोहली से पूछा गया था कि, इंग्लिश कंडीशन में बल्लेबाजों की सफलता का क्या मंत्र होना चाहिए। इसका जवाब देते हुए 32 साल के कोहली ने कहा था कि, अगर बल्लेबाजों को रन बनाना है तो उन्हें अपनी अहंकार को जेब में रखना होगा।

विराट कोहली खुद रनों के लिए संघर्ष कर रहे हैं और ये देखकर मनिंदर सिंह ने कहा कि, वो जो उपदेश देते हैं खुद भी वही करें। मनिंदर सिंह ने ईएसपीएन क्रिकइन्फो पर बात करते हुए कहा कि, तीसरे टेस्ट मैच से पहले विराट कोहली ने कहा था कि, इंग्लिश कंडीशन में आपको अपना अहंकार अपनी जेब में रखना होगा और मुझे लगता है कि, ये बिल्कुल सही है। अगर वो हावी होने की कोशिश करते हैं जैसा कि आम तौर पर विराट कोहली करते हैं, तो ये ऐसी पिच नहीं है जहां वो इस तरह की बल्लेबाजी कर सकते हैं।

मनिंदर सिंह ने कहा कि, उन्हें क्रीज पर कुछ समय बिताने की जरूरत है, जैसा कि उन्होंने पिछले दौरे पर किया था और लगभग 600 रन बनाए थे। एक बार जब आप गति के बारे में जान जाते हैं और जानते हैं कि गेंद कितनी सीम के आसपास है, तो आप अपने शॉट्स खेलना जारी रख सकते हैं। ये सपाट भारतीय पिच नहीं है जहां आप अपना पैर आगे बढ़ाते हैं और ड्राइव करना शुरू कर देते हैं। मनिंदर सिंह ने कहा कि, कोहली ने जो उपदेश दिया, उन्हें अभ्यास करना होगा और अपना अहंकार भी जेब में रखना होगा।