जहां-जहां बीजेपी का राज, वहां-वहां मर रहे बच्चे, बोली कांग्रेस

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश और झारखंड के अस्पतालों में बच्चों की लगातार हो रही मौतों पर कांग्रेस पार्टी ने दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों से इस्तीफा मांगा है। कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता और पार्टी के झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह ने कहा है कि यह बड़े शर्म और दुख की बात है कि भाजपा शासित राज्यों के सरकारी अस्पतालों में बच्चों की लगातार मौतें हो रही है और राज्य सरकारें मौन बैठी हैं।
उन्होंने कहा कि झारखंड के जमशेदपुर में तो मुख्यमंत्री रघुवर दास के गृह जिले के अस्पताल में बच्चों की मौत हो गई और मुख्यमंत्री ने वहां जाना तक मुनासिब नहीं समझा। आरपीएन सिंह ने मामले की न्यायिक जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि बच्चों की मौत के मामले में कांग्रेस पार्टी ने मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ थाने में शिकायत कर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। साथ ही कांग्रेस ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से भी शिकायत की है।
आरपीएन सिंह ने कहा कि महज 72 घंटे में 61 बच्चों की मौत बीआरडी अस्पताल में हो गई। इस महीने बीआरडी अस्पताल में मरने वाले बच्चों की संख्या 200 के पार पहुंच गई। वहीं, राजस्थान के एमजी अस्पताल में इस वर्ष जनवरी से अगस्त महीने के बीच 236 बच्चों की मौत हो गई। छत्तीसगढ़ में तीन और अब झारखंड में पिछले चार महीने में 164 बच्चों की मौत हो गई। ये सभी राज्य भाजपा शासित हैं और केंद्र में भी भाजपा की सरकार है।
उन्होंने कहा कि सिर्फ इस महीने की बात करें, तो दो बड़े सरकारी अस्पतालों में 300 से ज्यादा बच्चों की मौत हो चुकी है। आरपीएन सिंह ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2015 में महिला एवं बाल विकास विभाग को 21 हजार करोड़ रुपए आवंटित किए गए थे, लेकिन इस बार राशि कम कर मात्र 10 हजार 286.73 करोड़ रुपए ही आवंटित किए गए। यह सरकार की बड़ी लापरवाही है। हम इसके खिलाफ लड़ते रहेंगे।