आर्य कहां हैं? न मुझे पता न मंत्रियों को, लेकिन है इसी देश-प्रदेश में : चौहान

भोपाल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार चौहान ने एक बार फिर मंत्री लाल सिंह आर्य के इस्तीफे की जरूरत से साफ इंकार किया है। भोपाल में मीडिया से चर्चा करते हुए चौहान के कहा कि आर्य कहां है इसकी जानकारी मुझे नहीं है। और ना ही प्रदेश सरकार के किसी मंत्री को उनका पता है। चौहान के कहा कि लेकिन यह भी साफ है कि आर्य इसी देश में, इसी प्रदेश में कहीं है।

उधर महिदपुर के भाजपा विधायक बहादुर सिंह चौहान के कथित ऑडियो के वायरल होने के मामले में चौहान ने कहा कि सिर्फ मीडिया ट्रायल से कोई व्यक्ति आरोपी नहीं हो जाता है। पुलिस इस मामले में ऑडियो की जांच कर रही है, उसके बाद ही साफ हो पाएगा। इस मामले में पूरी जानकारी बुलवाई है, बहादुर सिंह चौहान का भी पक्ष सुना जाएगा।

आर्य के बंगले पर ताला, स्टाफ भी नहीं पहुंचा
माखन जाटव हत्याकांड में आरोपी प्रदेश के समान्य प्रशासन मंत्री लालसिंह आर्य के खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी किया गया है। बुधवार को आर्य के बंगले के गेट पर ही ताला नजर आया। आर्य के स्टाफ में से भी कोई उनके बंगले नहीं पहुंचा। सिर्फ गार्ड गेट पर तैनात रहा।

हफ्ते में महिलाओं के दो सम्मेलन, भीड़ जुटाने में आने लगा पसीना
प्रदेश की राजधानी में अगले चार दिनों में महिलाओं के दो बड़े सम्मेलन आयोजित होने जा रहे हैं। गुरुवार को जहां महिला संगठन और भाजपा महिला मोर्चा महिला अत्याचारों पर बनाए सख्त कानून के मामले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का सम्मान करने जा रहा है तो वहीं रविवार को उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू की अगवानी में महिला स्वसहायता समूहों का सम्मेलन होने जा रहा है।

एक साथ दो सम्मेलन रख लेने से भीड़ मैनेज करने में सरकार और संगठन दोनों को खासी मशक्कत करना पड़ रही है। चूंकि दोनों ही कार्यक्रमों प्रदेश के अलग-अलग स्थानों से महिलाओं को लाया जाएगा, ऐसे में कई जिलों से महिलाओं के आने में समस्या आ रही है। सूत्रों के मुताबिक शादी-ब्याह में व्यवस्थता होने के कारण भी कई महिलाएं इन कार्यक्रमों में शामिल होने में असमर्थ हैं।

सिर्फ सीएम रहेंगे मंच पर, बहनें करेंगी सम्मान-
गुरुवार को राजधानी के टीटी नगर दशहरा मैदान के पास मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का सम्मान किया जाएगा। इस कार्यक्रम में तकरीबन दस हजार महिलाओं को शामिल करने का टारगेट दिया गया है। सबसे खास बात यह रहेगी कि इस कार्यक्रम में महिलाएं ही मंच पर रहेंगी, और मुख्यमंत्री का सम्मान उन्हीं के हाथों किया जाएगा। बाकी सभी नेता मंच के नीचे बैठेंगे। इस कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा के साथ ही महिलाओं के सामाजिक संगठनों को भी शामिल किया जा रहा है। उधर रविवार को जंबूरी मैदान में उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू की मौजूदगी में होने वाला महिला स्वसहायता समूहों का सम्मेलन सरकार के लिए बड़ी चुनौती है। बुधवार को पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री गोपाल भार्गव ने जंबूरी मैदान पहुंच कर वहां की व्यवस्थाओं को जायजा लिया। भार्गव ने अधिकारियों से साफ कहा है कि प्रदेश के हर जिले से स्वसहायता समूहों की सदस्य इस कार्यक्रम में शामिल होना चाहिए। इस कार्यक्रम में एक लाख महिलाओं की भीड़ लाने का लक्ष्य रहा गया है। उधर अपर मुख्यसचिव बी.के.सिंह ने भी उपराष्ट्रपति के दौरे की तैयारियों को लेकर मंत्रालय में समीक्षा की है।

युवा मोर्चा की कार्यशाला आज, सहस्रबुद्धे भाग लेंगे
चुनावी साल में सोशल मीडिया और आईटी का ज्यादा से ज्यादा उपयोग करने का नुस्खा युवामोर्चा के पदाधिकारियों को सिखाया जाएगा। इसके लिए प्रदेश भाजपा कार्यालय में एक वर्कशॉप गुरूवार को रखी गई है। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और मप्र प्रभारी डॉ विनय सहस्त्रबुद्धे और मुख्यमंत्री शिवराज ङ्क्षसह चौहान भी इस वर्कशॉप में शामिल होंगे।

कार्यशाला में जिलों की सोशल मीडिया, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और कानूनी सहायता की टीमों के सदस्य, पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। कार्यशाला में चार सत्र होंगे तथा विषय विशेषज्ञ सूचना प्रौद्योगिकी की बारीकियां इन माध्यमों की संवाद वाहक क्षमता पर रोशनी डालेंगे। वर्कशॉप में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमारसिंह चौहान, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत मौजूद रहेंगे।