देश के कई हिस्सों में बारिश और बाढ़ से जनजीवन प्रभावित
नई दिल्ली। देश के कई इलाकों में बारिश के कारण बाढ़ का कहर बरपा हुआ है। असम, गुजरात, मणिपुर, ओडिशा और उत्तराखंड में सैलाब ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। बाढ़ का सबसे ज्यादा असर असम और ओडिशा में देखा जा रहा है।
असम में बाढ़ के कारण मरने वालों की संख्या 61 तक पहुंच गई है। हालांकि सोमवार को बाढ़ की स्थिति में थोड़ा सुधार देखा गया। बाढ़ के कारण अब तक 5 लाख कृषक परिवार प्रभावित हुए हैं। राज्य सरकार के आंकड़ों के मुताबिक 1 लाख 46 हजार हेक्टेयर भूमि पर फसल बर्बाद हो गई है। धान, जूट, गन्ना और सब्जियों की फसलों को इससे भारी नुकसान हुआ है।
मणिपुर में दो राष्ट्रीय राजमार्ग बाढ़ और बारिश के कारण भूस्खलन और पुल टूटने से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। इंफाल-माओ राजमार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही बंद है। इंफाल-जिरीबाम राजमार्ग पर पुल टूटने के कारण इंफाल की ओर आ रहे कई वाहन रास्ते में फंसे हैं। जिसके कारण शहर में ज़रूरी सामान की किल्लत होने लगी है।
गुजरात के कई हिस्सों में अगले दो दिनों तक मध्यम से भारी वर्षा जारी रह सकती है। गुजरात में बारिश से संबंधित घटनाओं में 9 लोगों की मौत हो गई है। राज्य में कई नदियां ऊफान पर हैं और जलाशयों में पानी का स्तर लगातार बढ़ रहा है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और वायुसेना बाढ़ प्रभावित इलाकों से अब तक चार सौ से ज्यादा लोगों को बाहर निकाल चुकी है। सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र में बाढ़ से हजारों लोग प्रभावित हुए हैं।
भारी बारिश की वजह से कालाहांडी में राष्ट्रीय राजमार्ग-26 बंद हो गया है। नागबली और कल्याणी नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण रायगढ़ और कालाहांडी जिलों के कई स्थानों पर अचानक बाढ़ आ गई है। रायगढ़ में हुई तेज बारिश से रेलवे का एक पुल बह गया। इलाके में तेज बारिश से सड़क और संचार सेवाएं ठप हो गई हैं। भारी बारिश से जानमाल को भारी नुकसान हुआ है।
राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया और ज़रूरी दिशा-निर्देश जारी किए।
हिमाचल के चंबा के तीसा के गांव में रविवार रात बादल फटने से एक जेसीबी चालक की मौत हो गई है और नाले में अचानक पानी बढ़ने से कई गाड़ियां भी नाले में बह गईं।
उत्तराखंड में पहाड़ी इलाक़ों में रुक रुककर बारिश हो रही है, अगले 24 घंटों में चमोली में भारी बारिश होने की आशंका मौसम विभाग ने जताई है, वहीं उत्तरकाशी, देहरादून, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर में हल्की से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।