विधानसभा में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने गाया हिंदी, हिंदू, हिंदुस्तान लेकर रहेंगे पाकिस्तान, सीएम और दूसरे मंत्रियों ने भी गाये गीत जमकर नाचे भी

भोपाल। विधानसभा परिसर के सभागार में मनाए गए फाग उत्सव के दौरान आज मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला सहित अन्य मंत्रियों , विधायकों ने कई फाग गीत गाकर समा बांध दिया तो संसदीय  कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने हिंदी हिंदू हिंदुस्तान लेकर रहेंगे पाकिस्तान जैसा गीत गाकर सनसनी फैला दी। विजयवर्गीय  के आग्रह पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने अन्य मंत्रियों के साथ जमकर नृत्य भी किया।

विधानसभा में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर की ओर से सभी मंत्रियों विधायकों और पत्रकारों के लिए फाग उत्सव का आयोजन किया गया था। यहां ब्रज की होली अवध की होली महाकाल की होली पर मंच से कलाकारो ने गीत गाकर समा बांधा। मंच संचालन कर रहे अरविंद सोनी के आग्रह पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मंच पर गीत गाने आए तो उन्होंने एक शर्त रखी कि साथ मैं सब नाचेंगे तो वह गीत  गाएंगे। उनके आग्रह पर मुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों ने उनके गीतों पर जमकर नृत्य किया। बाद मे मुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों ने भी गीत गाएं।

कैलाश विजयवर्गीय ने मंच से देश भक्ति का गाना यह देश है वीर जवानों का गाते हुए हिंदी हिंदू हिंदुस्तान और लेकर रहेंगे पाकिस्तान गाकर सनसनी फैला दी तो वही मोहन कैबिनेट के कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला भी कहा पीछे रहने वाले थे। उनकी भजन गायकी की प्रसिद्धि के चलते हुए उन्हें भी विधानसभा के मंच से भजन करने का मौका मिला। मंत्री राकेश शुक्ला ने “मेरी झोपड़ी के भाग्य आज खुल जाएंगे राम आएंगे, राम आएंगे।” गाकर मुख्यमंत्री सहित विधानसभा अध्यक्ष, साथी विधायकों और मौजूद मीडिया साथियों का मन मोह लिया।

वहीं विजयवर्गीय के अन्य गीतों पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भी सुर में सुर मिलाए और जमकर अन्य मंत्रियों के साथ नृत्य भी किया।