डेढ़ लाख लोगों ने किए बाबा महाकाल की तीसरी सवारी के दर्शन, सीएम भी हुए शामिल

उज्जैन. राजाधिराज भगवान महाकालेश्वर की श्रावण-भादौ माह में निकलने वाली सवारी के क्रम में श्रावण माह के तीसरे सोमवार 24 जुलाई को शाम 4 बजे तीसरी सवारी नगर भ्रमण पर निकली। करीब डेढ़ लाख लोगों ने सवारी दर्शन किए। सावन की रिमझिम फुहारों के साथ बाबा नगर भ्रमण पर निकले तो भक्त भी भोले की भक्ति में झूम उठे। तीसरी सवारी में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान और उनकी पत्नी साधना सिंह भी शामिल हुए।
शिव ताण्डव स्वरूप
भगवान महाकाल ने शिव ताण्डव स्वरूप में गरुड़ पर सवार होकर भक्तों को दर्शन दिए। भगवान महाकाल पालकी में चन्द्रमौलेश्वर और हाथी पर मनमहेश स्वरूप में विराजित होकर नगर भ्रमण पर निकले। भगवान महाकाल का सभामंडप में विधिवत पूजन-अर्चन हुआ।
इसके बाद वे प्रजा के हाल जानने के लिए नगर भ्रमण पर निकले। मंदिर के मुख्य द्वार पर सशस्त्र पुलिस बल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। सवारी परंपरागत मार्ग से होते हुए शिप्रातट रामघाट पर पहुंची। जहां भगवान महाकाल का शिप्रा के जल से अभिषेक एवं पूजा-अर्चना हुआ। पूजन-अर्चन के बाद सवारी निर्धारित मार्गों से होते हुए पुन: महाकालेश्वर मंदिर पहुंची।