मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावः विरोधियों के खिलाफ सपा और गोंगपा ने मिलाया हाथ

मध्य प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में सपा और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) गठबंधन कर संयुक्त प्रत्याशी उतारेंगी।

मध्य प्रदेश के शहडोल के टेक्निकल स्कूल के मैदान में शनिवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और गोंगपा अध्यक्ष हीरा सिंह मरकाम ने एक साथ कार्यक्रम करके मंच साझा किया। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में संयुक्त प्रत्याशी खड़ा करने का वादा किया। कार्यक्रम के पूर्व परिवर्तन रैली भी निकली गई। यूपी क पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश ने संबोधन के दौरान केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने नोटबंदी, 15 लाख रुपये खाते में आने के वादे, कर्जदारों के विदेश भागने की आलोचना करते हुए केंद्र पर आरोप लगाए।

इसके साथ ही मध्य प्रदेश की सड़कें अमेरिका से अच्छी होने के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बयान पर भी अखिलेश ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि उमरिया से शहडोल तक 80 किलोमीटर आने में उन्हें ढाई घंटे लगे, जबकि उत्तर प्रदेश में यही 80 किलोमीटर मात्र 30 मिनट में तय किए जा सकते हैं। गोंगपा अध्यक्ष हीरा ने अपने संबोधन में आदिवासियों की दुर्दशा के लिए वर्तमान सरकार को जमकर कोसा। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन का आह्वान किया। इसके साथ ही मध्य प्रदेश सपा अध्यक्ष गौरी यादव ने भी सभा को संबोधित किया।

गौरतलब है कि सपा मध्य प्रदेश के चुनाव में गठबंधन की संभावनाएं टटोल रही है। मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के साथ उनके गठबंधन की बातें भी कई बार सामने आईं। लेकिन अभी तक गठबंधन पर बात बन नहीं सकी। वहीं बसपा के साथ भी गठबंधन की संभावना नहीं दिख रही है। क्योंकि बसपा ने अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है।