संघर्ष विराम उल्लंघन पर भारत ने पाक को दिया कड़ा संदेश
नई दिल्ली।भारत और पाकिस्तान के बीच नियंत्रण रेखा पर तनाव बरकरार है। पुंछ और राजौरी जिलों में सोमवार को पाकिस्तान सुबह से दोपहर तक युद्ध विराम का उल्लंघन करता रहा।
पुंछ जिले के बालाकोट सेक्टर में पाकिस्तान की गोलीबारी में एक 6 साल की लड़की सजीदा कफील की मौत हो गई, वहीं राजौरी जिले के मंजाकोट सेक्टर में पाक गोलीबारी में एक महिला घायल हो गई। पाकिस्तान की फायरिंग में एक जवान भी शहीद हो गया। पाकिस्तान की ओर से हो रही गोलीबारी का भारतीय सेना की ओर से करारा जवाब दिया गया।
पाकिस्तान ने भारत से फोन पर डीजीएमओ स्तर की बातचीत की मांग की, जिसके बाद हॉटलाइन पर दोनों देशों के डीजीएमओ की बातचीत हुई। इस बातचीत में भारतीय डीजीएमओ एके भट्ट की ओर से पाकिस्तानी डीजीएमओ शमशाद मिर्जा को खरे-खरे शब्दों में कहा गया कि भारतीय सेना नियंत्रण रेखा पर शांति बनाए रखने को लेकर गंभीर है, लेकिन वो युद्ध विराम उल्लंघन की किसी भी घटना का मुंहतोड़ जवाब देने का पूरा अधिकार रखती है। युद्ध विराम उल्लंघन की सारी घटनाएं पाकिस्तान की ओर से हो रही हैं, भारतीय सेना केवल पाक गोलीबारी का जवाब दे रही है।
इसके अलावा भारतीय डीजीएमओ ने अपने समकक्ष से जोर देकर कहा कि पाकिस्तानी सेना गोलीबारी की आड़ में भारतीय सीमा में आतंकियों की घुसपैठ में मदद कर रही है।
ये बातचीत सुबह पुंछ और राजौरी में पाकिस्तानी फायरिंग की घटनाओं के बाद हुई और करीब दस मिनट चली। कुल मिलाकर ये साफ़ है कि भारतीय सेना पाकिस्तानी हरकतों का मुंहतोड़ जवाब दे रही है, जिसमें पाकिस्तान को भारी नुकसान भी हो रहा है, लेकिन तब भी पाकिस्तान अपनी आतंकी हरकतों से बाज नहीं आ रहा।