मनचाहा काम नहीं मिलने से परेशान आर्मी के पूर्व जवान ने घर में फांसी लगाकर की आत्महत्या

भोपाल. मनचाहा काम नहीं मिलने से परेशान आर्मी के पूर्व जवान ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मृतक वर्तमान में साड़ी सेंटर पर प्रबंधक था। किसी बात को लेकर पिछले तीन दिन से परेशान था। पुलिस ने पत्नी का बयान दर्ज कर लिया है। बयान के आधार पर आगे की जांच कर रही है।

गांधीनगर थाना क्षेत्र के पतंजलि निवासी जितेंद्र पिता प्रजट सिंह (35) बैरागढ़ में सुंदर साड़ी सेंटर पर प्रबंधक था। शनिवार रात उसने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। घटना की जानकारी पत्नी को उस समय लगी जब वो पति के लिए कमरे में सुबह चाय लेकर गई। रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को फोनकर इसकी सूचना दी। पुलिस ने कमरे और उसके कपड़ों की तलाशी ली, लेकिन कहीं पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।

उसके बाद पुलिस हमीदिया अस्पताल पहुंची और पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस को दिए बयान में मृतक की पत्नी ने बताया कि वो नौकरी बदलने की बात पिछले एक सप्ताह से कर रहे थे। मनचाहा नौकरी नहीं मिलने के कारण वो काफी पेरशान थे।

सुबह चार बजे तक पत्नी ने जगते हुए देखा था

पत्नी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि रात से ही वो बाहर के कमरे में बैठे अपना काम कर रहे थे। रात 12 बजे मैं अपने कमरे में जाकर सो गई। उसके बाद सुबह चार बजे जब नींद खुली तो देखा कि जग रहे हैं। मैं उनके पास जाकर बैठ गई तो उन्होंने कहा तुम चलो मैं आ रहा हूं। करीब६ बजे जब मैं चाय लेकर गई तो उन्हे फंदे पर लटकते हुए देखा। वहीं इस पूरे मामले में पुलिस हर एंगल पर जांच कर रही है।

बेटी की बीमारी बताकर ली थी एक दिन की छुट्टी

मृतक जितेंद्र बैरागढ़ स्थित सुंदर साड़ी सेंटर पर 6 महीने पहले ही काम पर लगा था। तब से वो वहां पर काम कर रहा है। शुक्रवार को साड़ी संचालक सुरेश मंगतानी से बेटी की बीमारी के बारे में बताकर एक दिन की छुट्टी मांगी थी। उसके बाद रविवार सुबह उसकी पत्नी ने आत्म हत्या की सूचना दी। संचालक मंगतानी ने बताया कि वो काफी मिलनसार लड़का था। सबसे हस के बात कर रहा था। घटना से एक दिन पहले उससे बातचीत हुई थी लेकिन एेसा नहीं लग रहा था कि वो परेशान है और आत्म हत्या जैसे कदम उठाएगा।

आर्मी की नौकरी से 2007 में दिया था इस्तीफा

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक जितेंद्र मूलत: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपूर का रहने वाला था। भोपाल में वो अपनी पत्नी और पांच साल की बेटी के साथ रहता था। एक महीने पहले ही वो पतंजली क्षेत्र में रहने आया था। भोपाल में पिछले 10 साल से रहा है। मृतक पहले आर्मी में नौकरी करता था। उसने 2007 में इस्तीफा दे दिया था। उसके बाद निजी कंपनी में जॉब करता था। एक साल पहल उसने सेल्स मैन को ट्रेनिंग देने का काम शुरू किया था। इस दौरान ही सुंदर साड़ी सेंटर के संचालक से मुलाकात हुई और वो वहां पर काम करने लगा।

युवक ने फांसी लगाकर की खुदकुशी, कारण अज्ञात

भोपाल. जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में एक युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामले में पुलिस जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार राम कुमार शाहू पिता शोभाराम शाहू (20) वायरिंग का काम करता था। शनिवार रात वह घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी परिवार के लोगों को उस समय लगी, जब उसका भाई सुबह उसके कमरे में गया। उसे फंदे पर लटकता देख उसने परिवार के लोगों को बुलाया और फंदे से उतारकर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इधर, घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पीएम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मामले में पुलिस जांच कर रही है।

घर में खेल रही चार साल की मासूम की गर्म पानी में गिरने से मौत
भोपाल. घर में खेल रही चार साल की मासूम बच्च्ी की गर्म पानी में गिरने से मौत हो गई। मामला रीवा जिले का है। भोपाल के कोलार में जेके अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था, जहां उसकी मौत हो गई।

गौरतलब है कि खुशी पिता सम्राट गुप्ता (4) 28 जनवरी को घर में खेल रही थी। मां ने नहाने के लिए बाल्टी में गर्म पानी रखा था। इस दौरान बच्ची खेलते-खेलते बाल्टी में जा गिरी। करीब पांच मिनट बाद जब मां कमरे से बाहर आई तो देखा कि बच्ची बाल्टी में गिरी है और झुलस गई है। इस पर उसे बाल्टी से निकालकर निजी अस्पताल ले गए, जहां से रेफर कर दिया। उसके बाद परिवार के लोग उसे लेकर कोलार के जेके अस्पताल पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा था। शनिवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत के बाद कोलार पुलिस ने जीरो पर कायमी कर मामला रीवा फॉरवर्ड कर दिया।