मिशन कर्नाटक पर कांग्रेस का तंज, ‘वहां भी दिख रहा है शिवराज का अवैध उत्खनन प्रेम’

भोपाल। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के कर्नाटक दौर पर तंज कसते हुए उन्हें उत्खनन प्रेमी कहा है। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि कर्नाटक में भी सीएम शिवराज सिंह का अवैध उत्खनन प्रेम नजर आ रहा है। कर्नाटक जाकर भी वे उत्खनन माफिया के लिए प्रचार कर रहे हैं।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार को मिशन कर्नाटक पर हैं। सीएम शिवराज सिंह कर्नाटक में चुनाव प्रचार के लिए भोपाल के स्टेट हैंगर से विशेष विमान से रवाना हुए हैं। सीएम वेलगाम में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे और कर्नाटक के अन्य शहरों में भी चुनावी रैली और जनसभाएं करेंगे। सीएम के कर्नाटक के पिछले दौरे का हवाला देकर नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने उन पर तंज कसते हुये कहा है कि, कर्नाटक चुनाव प्रचार में भी उनका अवैध उत्खनन का प्रेम नजर आ रहा है।

नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अवैध उत्खनन का प्रेम है कि मध्यप्रदेश में तो अवैध उत्खनन हो ही रहा है। लेकिन शिवराज कर्नाटक में प्रचार करने के लिए सबसे बड़े अवैध उत्खनन के कारोबारी रेड्डी के क्षेत्र में गए हैं। उनको और कोई विधानसभा नहीं मिली है। सिर्फ वेल्लारी के मालु रेड्डी जिन्हें पूरा देश उन्खनन माफिया के रुप में जानता है।