छत्तीसगढ़ : कुएं में गिरा हाथी का बच्चा, रेस्क्यू में जुटा वन विभाग

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के वन बीट डोमहत में 18 सदस्यीय हाथियों का दल रविवार देर रात विचरण कर रहा था। इसी बीच एक हाथी कुएं में जा गिरा। यह घटना ग्राम पंचायत पहाड़करवा के आश्रित नवाधकी गांव की है।

सोमवार को यह जानकारी सरगुजा के डीएफओ बीपी सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि रात करीब 8 बजे हाथियों का दल जंगल से बाहर गांव के बाहर विचरण कर रहा था। इस बीच एक हाथी 15 फुट गहरे कुएं में जा गिरा। वन विभाग की टीम भी वहीं कुछ दूरी पर ही मौजूद थी। उन लोगों ने दल के हाथियों को वहां से बड़ी मुश्किल से खदेड़ा। इसके बाद जेसीबी से गड्ढा खोदकर 8 फुट चौड़ा रास्ता बनाया गया। समस्या यह है कि हाथी उठ नहीं पा रहा है।

डीएफओ सिंह ने कहा कि बिलासपुर से ट्रेंक्युलाइजिंग टीम आने के बाद उसको ट्रेंक्युलाइज किया जाएगा। उसके बाद कुएं में चिकित्सक और दूसरे विशेषज्ञों को उतारा जाएगा। प्रथम दृष्टया हाथी के दाहिने पैर में चोट की आशंका लग रही है। हाथी उसी एक पैर को उठा नहीं पा रहा है। उसको कुएं से बाहर निकालने के बाद ही असलियत का पता चल सकेगा।

डीएफओ ने कहा कि सुबह उसको एक बोरा धान खाने के लिए दिया गया था, उसने धान के बोरे को दूर उछालकर फेंक दिया। दोपहर के बाद उसको गुड़ खाने को दिया गया, जिसको उसने खाया। मौके पर मौजूद वन विभाग की टीम उसकी पूरी निगरानी कर रही है। समाचार लिखे जाने तक हाथी कुएं में और वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद थी।