भोपाल के काटजू अस्पताल ने इतिहास रचा, महिला ने एक साथ चार बच्चों को दिया जन्म

 

भोपाल। जुड़वा बच्चों के जन्म के बारे में तो आपने सुना होगा लेकिन मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया है। भोपाल के डॉ. कैलाशनाथ काटजू सिविल चिकित्सालय में महिला ने इन्हें जन्म दिया। काटजू अस्पताल में चार बच्चों के एक साथ जन्म का नया इतिहास बन गया है इसके पहले यहां एक साथ तीन बच्चों का जन्म हो चुका है। गर्भावस्था के सातवें महीने में सिजेरियन ऑपरेशन के जरिए बच्चों की डिलीवरी समय से पहले कराई गई। कम वजन के चलते अभी उन्हें कड़ी निगरानी में रखा गया है।

कड़ी निगरानी में नवजात

प्रसूता का नाम ज्योति है, वह भोपाल की रहने वाली है। उनकी यह पहली गर्भावस्था थी। डॉक्टर को जब सोनोग्राफी के दौरान गर्भ में चार बच्चों की जानकारी मिली, तब से ही महिला को लगातार मॉनिटर किया जा रहा था। महिला के साथ बच्चों की भी सतत निगरानी की गई। चारों नवजातों का वजन 800 ग्राम से 1 किलो के बीच है, जो सामान्य से काफी कम माना जाता है। फिलहाल सभी बच्चों को अस्पताल के आईसीयू में रखा गया है, जिनमें से दो की हालत गंभीर है और उन्हें वॉर्मर पर रखा गया है।

दो लड़का दो लड़की

बता दें कि महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया है, जिसमें दो मेल और दो फीमेल चाइल्ड है। ये बच्चे कड़ी सुरक्षा के बीच आईसीयू में रखे गए है।