अर्थव्यवस्था की मजबूती के लिए MSME महत्वपूर्ण, इस सेक्टर की मदद के लिए सरकार प्रतिबद्ध : समीक्षा

नई दिल्ली : शुक्रवार को आर्थिक समीक्षा 2019-20 पेश किया गया। इसमें सरकार की ओर से कहा गया कि वह सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों (MSME) को सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार ने कहा कि अर्थव्यवस्था की मजबूती के लिए MSME सेक्टर महत्वपूर्ण है और इससे उद्यमिता को बढ़ावा मिलता है, साथ ही कम पूंजी लागत पर रोजगार के अवसर तैयार होते हैं।
वित्त मंत्री ने संसद में आर्थिक समीक्षा 2019-20 पेश किया, इसमें उन विस्तृत उपायों के बारे में बताया गया, जो सरकार ने MSME सेक्टर की सहायता के लिए उठाए। इनमें कर्ज की उपलब्धता बढ़ाना, प्रौद्योगिकी उन्नयन, कारोबारी सुगमता और बाजार तक पहुंच शामिल हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने MSME सेक्टर के तेजी से विकास के लिए दो नवंबर 2018 को एक ऑनलाइन पोर्टल की घोषणा की थी, जिसके जरिए 59 मिनट के अंदर एक करोड़ रुपये तक के कर्ज की सैद्धान्तिक मंजूरी दी जाती है। समीक्षा के मुताबिक ऐसे 1,59,422 कर्ज मंजूरी किए गए, जिसकी कर्ज राशि 49,330 करोड़ रुपये थी। इसमें से अक्टूबर 2019 तक 37,106 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके थे।
इसके अलावा केंद्रीय मंत्रालयों के लिए MSME से 25 फीसद खरीदारी अनिवार्य की गई, जिसमें तीन फीसद महिला उद्यमियों के लिए आरक्षित है। वर्ष 2019-20 के दौरान महिलाओं के स्वामित्व वाले 1,471 MSME से 242.12 करोड़ रुपये की खरीदारी की गई।