कांग्रेस के चाणक्य चाहते हैं हाथी का साथ, कहा- MP में बसपा से गठबंधन कांग्रेस के लिए मददगार

भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि आगामी मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के साथ चुनाव पूर्व गठबंधन करने से कांग्रेस को मदद मिलेगी। उन्होंने बसपा के साथ गठबंधन के पक्ष में बयान देते हुए कहा कि इससे राज्य के कुछ क्षेत्रों में दलित मतों को हासिल करने में मदद मिलेगी।

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह का कहना है कि अगर मध्यप्रदेश में चुनाव के परिणामों के आधार पर गठबंधन को देखा जाए तो, मुरैना क्षेत्र से ग्वालियर क्षेत्र और सागर क्षेत्र से रीवा क्षेत्र तक, उत्तर प्रदेश की सीमा से लगा क्षेत्र है, जहां बसपा को 10 से 30 हजार वोट मिलते हैं। इन वोटों को देखें तो ये वोट मुख्य रूप से दलितों के हैं, जो 1952 से कांग्रेस को वोट देते आ रहे हैं। अगर हमारे पास बसपा के साथ चुनाव पूर्व रणनीतिक गठबंधन होगा, तो इससे निश्चय ही मदद मिलेगी।

प्रणब मुखर्जी के आरएसएस मुख्यालय के एक कार्यक्रम में शिरकत करने के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति ने आरएसएस को उसके ही गढ़ में चुनौती देकर काफी हिम्मत का काम किया है और जो कुछ भी उन्होंने कहा वह ‘आरएसएस के मूल आधार’ पर हमला था।