फतेहपुर के विकास का बार-बार पीछा कर काट रहा सांप, 34 दिन में छह बार डसा

 

फतेहपुर, सात जुलाई।

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में रहने वाले 24 वर्षीय विकास दुबे को सांप 34 दिन में छह बार डस चुका है। विकास जहां-जहां भी जाता है सांप वहां पहुंचकर उसे डस रहा है। इस घटना से पूरा घर दहशत में है।

ऐसा लगता है मानो विकास दुबे का सांप लगातार पीछा कर रहा हैं। हर सप्ताह एक बार सांप उसे काटता है और इलाज से वह ठीक भी हो जाता है। सांप से परेशान होकर विकास ने सांप से बचने के लिए अपना घर भी छोड़ा और वह अपनी मौसी के यहां रहने लगा तो वहां भी सांप ने उसे डस लिया। वह फिर घर बदलकर चाचा के घर रहने आया तो यहां भी सांप ने काट लिया। 34 दिन में सांप उसे छह बार काट चुका है।

 

मलवां थाना क्षेत्र के सौरा निवासी विकास दुबे का कहना है कि पहली बार दो जून की रात नौ बजे बिस्तर से उतरते हुए पहली बार सांप ने काटा था। परिजन शहर के निजी नर्सिंग होम में इलाज के लिए ले गए। वहां दो दिन भर्ती रहा। इलाज के बाद ठीक होकर घर आ गया। 10 जून की रात नौ बजे फिर सांप ने काटा। निजी अस्पताल से ठीक होकर घर चला आया। अब उसके मन में डर बैठ गया और वह अतिरिक्त सावधानी बरतने लगा। सात दिन बाद 17 जून को घर के अंदर उसे सांप ने फिर डस लिया। वह अचेत होने लगा तो परिजन उसी अस्पताल में ले गए। इलाज हुआ और वह फिर ठीक हो गया।

 

चौथी बार सांप ने चार दिन बाद ही डस लिया। अस्पताल के डॉक्टर भी हैरान थे और इलाज कर उसे बचा लिया। नाते-रिश्तेदारों और डॉक्टर ने भी सलाह दी कि कुछ दिनों के लिए तुम अपने घर से दूर रहो। इसके बाद वह मौसी के घर राधानगर चला आया। 28 जून को देर रात मौसी के घर में उसे सांप ने फिर डस लिया। चाचा के यहां रहने गया तो वहां भी सांप ने काट लिया। युवक का हर बार इलाज करने वाले डॉ. जवाहरलाल ने कहा- यह हैरान करने वाला संयोग है। हर बार उसे एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन और इमरजेंसी दवाएं देकर इलाज करते हैं। वह ठीक होकर घर चला जाता है। हर बार उसके शरीर पर क्लियर स्नेक बाइट के निशान मिलते हैं।

 

वहीं, विकास दुबे का कहना है कि वह परेशान हो गया है। हर पल दहशत बनी रहती है। पहले ही आभास होने लगता है कि सांप काटने वाला है। हर बार इलाज में रुपये भी लग रहे हैं। विकास के मामा कामतानाथ के मुताबिक सभी परेशान हैं कि ऐसा कैसे हो रहा है। जब विकास को तीसरी बार सांप ने काटा था तो घर के कई लोग सामने मौजूद थे और सांप काटकर निकल गया। काफी खोजा भी गया लेकिन सांप नहीं मिला।